जबलपुर में फिल्म ‘भूतनाथ’ के डायरेक्टर विवेक शर्मा उर्फ बॉबी एक विवाद में घिर गए हैं। पड़ोसी बंटी गुप्ता ने उनके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। आरोप है कि विवेक शर्मा ने गुस्से में उनकी कार में जानबूझकर स्क्रैच मारा। इस घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसे शिकायतकर्ता ने पुलिस को सौंपा है।
देर रात लौटे थे मुंबई से, सुबह मिला कार को नुकसान
बंटी गुप्ता, जो गोरखपुर गुरुद्वारे के पास रहते हैं, ने बताया कि डायरेक्टर विवेक शर्मा मंगलवार देर रात मुंबई से लौटे थे। बुधवार सुबह जब बंटी अपनी कार लेकर कहीं जाने निकले, तो देखा कि कार के आगे और पीछे के शीशों पर गहरे स्क्रैच थे।
“पहले लगा बच्चों की शरारत है, फिर देखा CCTV”
बंटी गुप्ता ने बताया,
“मैं रोज अपनी कार घर के सामने सड़क किनारे खड़ी करता हूं। बुधवार को जब बाहर निकला, तो कार बुरी तरह से स्क्रैच की गई थी। पहले लगा कि बच्चों की शरारत होगी, लेकिन जब CCTV देखा तो उसमें साफ दिखा कि विवेक शर्मा खुद स्क्रैच मार रहे हैं।”

“जब भी आते हैं, पार्किंग को लेकर होता है विवाद”
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि जब भी विवेक शर्मा जबलपुर आते हैं, तो पार्किंग को लेकर विवाद हो जाता है।
“वो अपनी कार कहीं भी आड़ी-तिरछी खड़ी कर देते हैं। लेकिन इस बार तो हद हो गई — उन्होंने खुद ही मेरी कार को नुकसान पहुंचाया। ये बिल्कुल गलत और घटिया हरकत है,” बंटी ने कहा।
पुलिस ने शुरू की जांच, डायरेक्टर से संपर्क की कोशिश
थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।
“विवेक शर्मा इस समय अपने घर पर नहीं हैं, उनसे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।”
देशहरपाल इस मामले पर आगे की अपडेट्स भी देता रहेगा।
