विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप में उनकी जगह को लेकर चल रही चर्चाओं पर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि कोहली की टीम में जगह पर बहस करने की जरूरत ही नहीं है। वह अपने प्रदर्शन और फिटनेस के जरिए लगातार खुद को साबित कर रहे हैं। राजकुमार शर्मा ने रोहित शर्मा को भी शानदार खिलाड़ी और मैच विनर बताया। वहीं, दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा है कि विराट कोहली जब भी उपलब्ध होंगे, वह दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलेंगे। राजकुमार बोले- कोहली की जगह पर बहस की जरूरत नहीं राजकुमार शर्मा ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा कि हाल के मुकाबलों में विराट कोहली के प्रदर्शन को देखते हुए 2027 वर्ल्ड कप में उनकी जगह को लेकर चर्चा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोहली को अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा है। उनकी मेहनत और वर्क एथिक उन्हें दूसरे खिलाड़ियों से अलग बनाती है। राजकुमार के मुताबिक, कोहली ने न केवल भारतीय क्रिकेटरों बल्कि पूरे देश को फिटनेस के प्रति जागरूक किया है। उन्होंने विराट को लेकर कहा कि भगवान ने उन्हें क्रिकेट के लिए बनाया है और उनकी कड़ी मेहनत ने उन्हें इतना बड़ा खिलाड़ी बनाया है। रोहित शर्मा भी मैच विनर, भविष्य पर चर्चा से ज्यादा खेल जरूरी रोहित शर्मा को लेकर राजकुमार शर्मा ने कहा कि उनकी उम्र या भविष्य को लेकर चर्चा करने के बजाय उनके खेल पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने रोहित को शानदार खिलाड़ी बताते हुए कहा कि अपने दिन पर वह अकेले दम पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। रोहित और कोहली के भविष्य पर चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि 2027 वनडे वर्ल्ड कप में अभी समय है और चयनकर्ता टीम में युवा खिलाड़ियों को भी तैयार कर रहे हैं। चयनकर्ताओं ने साफ किया- फॉर्म और फिटनेस के आधार पर होगा चयन रिपोर्ट्स के मुताबिक, मई में चयन समिति के स्तर पर रोहित शर्मा और विराट कोहली को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में आराम देने पर चर्चा हुई थी। हालांकि, बाद में दोनों को टीम में बनाए रखा गया। चयनकर्ताओं का मानना था कि दोनों अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं, इसलिए उन्हें मैच प्रैक्टिस देना जरूरी है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया था कि वर्ल्ड कप से पहले किसी भी खिलाड़ी की जगह स्थायी नहीं मानी जा सकती और चयन फॉर्म तथा फिटनेस के आधार पर होगा। शुभमन गिल ने भी विराट को भविष्य की योजना में बताया था शामिल 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों को लेकर कप्तान शुभमन गिल भी विराट कोहली के भविष्य पर संकेत दे चुके हैं। जुलाई में गिल ने कहा था कि विराट टीम की भविष्य की योजना का हिस्सा हैं। गिल के मुताबिक, कोहली टीम मैनेजमेंट के साथ साउथ अफ्रीका में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए टीम कॉम्बिनेशन पर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन खिलाड़ियों पर भी बातचीत हो रही थी, जिन्हें भविष्य में टीम में आजमाया जा सकता है। गिल ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को पिछले एक दशक में भारतीय बल्लेबाजी का आधार बताया था। वहीं, BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने जून में कहा था कि 2027 वर्ल्ड कप की टीम और खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर फैसले बोर्डरूम का विषय हैं और इस पर सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं होनी चाहिए। रोहित और कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे विराट कोहली और रोहित शर्मा अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। दोनों ने 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। इससे पहले 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद दोनों ने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था। विराट फिर दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलेंगे DDCA अध्यक्ष रोहन जेटली ने विराट कोहली को लेकर एक और अहम अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि जब भी कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बीच उपलब्ध होंगे, वह दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट जरूर खेलेंगे। विराट ने 2025 में करीब 13 साल बाद रणजी ट्रॉफी में वापसी की थी। उन्होंने दिल्ली की ओर से रेलवे के खिलाफ मुकाबला खेला था। इसी साल उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में भी दिल्ली के लिए मैच खेले थे। अब घरेलू क्रिकेट में उनकी उपलब्धता को लेकर DDCA की ओर से भी सकारात्मक संकेत मिले हैं।