खंडवा जिले में आदिवासी महिला के साथ हुए बर्बर गैंगरेप और हत्या के मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस दिल दहला देने वाली घटना को लेकर आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और शिवराज सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए।
डॉ. भूरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 31 मई को भोपाल दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि, “पीएम महिला सम्मेलन में आने से पहले यह सुनिश्चित करें कि मध्यप्रदेश में बहनों की सुरक्षा कैसे होगी?”
“देश की आत्मा गांवों में बसती है, लेकिन आवाज दबा दी जाती है”
डॉ. भूरिया ने कहा कि गांवों में जो जघन्य अपराध हो रहे हैं, वे अक्सर मुख्यधारा की मीडिया की नजरों से दूर रह जाते हैं। “खंडवा में जो हुआ, उसे आदिवासी निर्भया कांड कहा जा रहा है। एक 45 वर्षीय आदिवासी महिला के साथ सामूहिक बलात्कार हुआ और फिर आरोपियों ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। उनकी बच्चादानी बाहर निकाल दी गई और आंतें भी बाहर आ गईं।”
16 वर्षीय बेटी ने मां को तड़पती हालत में देखा, हो गई बेहोश
पीड़िता की 16 वर्षीय बेटी जब घटनास्थल पर पहुंची तो मां की हालत देखकर वह बेहोश हो गई। डॉ. भूरिया ने कहा, “मैं खुद एक डॉक्टर हूं, सोच सकता हूं उस महिला ने कितनी पीड़ा सही होगी। आरोपियों को एक बार भी दया नहीं आई।”
उन्होंने आगे कहा कि जब यह मामला सामने आया तब प्रशासन चुप बैठा रहा। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर तक हैरान थे कि ऐसी क्रूरता संभव है।
“मध्यप्रदेश की कानून व्यवस्था फेल है”
विक्रांत भूरिया ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सीधा हमला करते हुए कहा, “जब से मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री का पद अपने पास रखा है, तब से प्रदेश में बलात्कार के मामलों में 18% की बढ़ोतरी हुई है। इनमें 26% घटनाएं आदिवासी महिलाओं के खिलाफ हैं।”
उन्होंने भोपाल की एक घटना का भी जिक्र किया जिसमें एक नाबालिग बच्ची के साथ सरकारी कार्यक्रम के दौरान दुष्कर्म हुआ, लेकिन उसे एफआईआर दर्ज कराने के लिए 600 किलोमीटर दूर मऊगंज भेजा गया।
“मध्यप्रदेश बनता जा रहा है रेप और शराब कैपिटल”
डॉ. भूरिया ने कहा, “मप्र में शराबबंदी की बातें तो होती हैं लेकिन ज़मीनी हकीकत यह है कि आदिवासी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा शराब बेची जा रही है। शराब माफियाओं पर कोई लगाम नहीं है और आदिवासी इलाके लॉन्चपैड की तरह इस्तेमाल हो रहे हैं।”
भूरिया की मांगें:
- पूर्णकालिक गृह मंत्री की नियुक्ति
- फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना
- शराब माफियाओं पर सख्त कार्रवाई
- आदिवासी क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना
“कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी, सड़क पर लड़ेगी”
डॉ. भूरिया ने कहा कि आदिवासी कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने खंडवा पहुंच चुका है। उन्होंने कहा, “सरकार की महिला विरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी।”
https://deshharpal.com/ इस मामले से जुड़ी हर अपडेट को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
