इंदौर में ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच एक राहतभरी खबर सामने आई है। क्राइम ब्रांच इंदौर ने जनवरी से अप्रैल 2025 के बीच साइबर ठगी के शिकार हुए नागरिकों को ₹2 करोड़ 73 लाख रुपए वापस दिलवाए हैं। ठगी का शिकार हुए लोगों ने साइबर हेल्पलाइन और एनसीआरपी पोर्टल के जरिए शिकायतें दर्ज कराईं, जिसके बाद क्राइम ब्रांच की फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीमों ने तेजी से कार्रवाई की।
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि शहर में साइबर ठगी के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है, लेकिन इंदौर पुलिस की सक्रियता से पीड़ितों को राहत भी मिल रही है। उन्होंने कहा कि “केवल 4 महीनों में ही 2.73 करोड़ रुपए पीड़ितों के खातों में वापस कराना बड़ी उपलब्धि है।”
क्राइम ब्रांच ने पहले भी ठगी का शिकार हुए लोगों को करोड़ों रुपए की रकम वापस दिलाई है। आंकड़ों पर नजर डालें तो:
- 2021 में ₹1.37 करोड़
- 2022 में ₹3.92 करोड़
- 2023 में ₹5 करोड़
- 2024 में रिकॉर्ड ₹14.17 करोड़
पीड़ितों के खातों में वापस कराए गए थे।
साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूकता अभियान भी जारी
क्राइम ब्रांच “साइबर पाठशाला” जैसे अभियानों के जरिए लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के उपाय भी सिखा रही है।
अगर कोई ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होता है तो तुरंत 7049124445 पर कॉल करें या 1930 / NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
https://deshharpal.com/की सलाह: सतर्क रहें, जागरूक रहें और ठगी की शिकायत में देरी न करें।