खंडवा में थोड़े से कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर ठगों को इस्तेमाल करने देने वाले दो स्टूडेंट पुलिस की कार्रवाई में फंस गए। दोनों ने 5 हजार से 25 हजार रुपए तक लेकर अपने बैंक खातों का इस्तेमाल करने की अनुमति दी थी। इन खातों के जरिए साइबर अपराध से जुड़ी रकम का लेन-देन किया गया। जांच के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ अलग-अलग थानों में FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई राज्य पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन MATRIX 2.0’ के तहत की गई है। इस अभियान के जरिए साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले फर्जी और किराए के बैंक खातों की पहचान कर खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। खंडवा में जांच के दौरान ऐसे दो बैंक खाते सामने आए हैं। इनमें एक कोतवाली और दूसरा छैगांवमाखन थाना क्षेत्र का है। कोतवाली और छैगांवमाखन थाने में दर्ज हुई FIR पुलिस के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के मामले में निकुंज पिता मुकेश यादव, निवासी एनवीडीए कॉलोनी खंडवा को आरोपी बनाया गया है। इस मामले में एक अन्य अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है। वहीं, छैगांवमाखन थाना क्षेत्र के मामले में आयुष पिता अनिल बोरसे, निवासी कावेरी विहार कॉलोनी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस की जांच में दोनों बैंक खातों से साइबर अपराध से जुड़े ट्रांजेक्शन होने की जानकारी सामने आई है। म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम ठिकाने लगाते हैं साइबर अपराधी साइबर ठग अपनी पहचान छिपाने और पुलिस की पकड़ से बचने के लिए दूसरे लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल करते हैं। इसके लिए वे खासतौर पर युवाओं और बेरोजगार लोगों को कमीशन या एकमुश्त रकम देने का लालच देते हैं। कई मामलों में वे बैंक खाते के साथ ATM कार्ड, चेकबुक, पासबुक और इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी भी हासिल कर लेते हैं। ऐसे बैंक खातों को म्यूल (Mule) अकाउंट कहा जाता है। साइबर ठगी से हासिल रकम पहले इन खातों में जमा कराई जाती है और फिर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दी जाती है। खाताधारक को लगता है कि वह केवल कमीशन के बदले अपना खाता इस्तेमाल करने दे रहा है, लेकिन जब उस खाते से ठगी की रकम का लेन-देन सामने आता है तो खाताधारक भी पुलिस जांच और कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है। पुलिस की अपील- कमीशन के लालच में किसी को न दें बैंक खाता खंडवा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। अपने खाते से होने वाले हर ट्रांजेक्शन पर नजर रखें। यदि किसी अनजान व्यक्ति से खाते में संदिग्ध रकम आती है, तो तुरंत बैंक और पुलिस को इसकी सूचना दें। इसके अलावा किसी के साथ भी OTP, ATM कार्ड, चेकबुक और इंटरनेट बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। थोड़े से कमीशन का लालच आपको साइबर अपराध से जुड़े कानूनी मामले में फंसा सकता है।