उत्तराखंड की Char Dham Yatra 2025 का शुभारंभ 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर हो गया। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए विधिवत रूप से खोल दिए गए हैं। अब श्रद्धालु 2 मई को केदारनाथ और 4 मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
Char Dham Yatra मां गंगा के धाम गंगोत्री में उत्सव का माहौल
गंगोत्री धाम में कपाट खुलने की प्रक्रिया अत्यंत भव्य रही। सुबह 10:30 बजे मुखबा गांव से मां गंगा की डोली धाम पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना हुई और राजपूताना राइफल्स बैंड की धुनों के बीच कपाट खोले गए।
इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया।
यमुनोत्री धाम में मां यमुना के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
यमुनोत्री धाम के कपाट सुबह 11:55 बजे खोले गए। मां यमुना की डोली खरसाली गांव से होते हुए जानकी चट्टी और भैरव मंदिर होकर धाम पहुंची। इस दौरान करीब 3000 श्रद्धालु उत्सव में सम्मिलित हुए। वैदिक मंत्रोच्चारण और परंपरागत विधियों के अनुसार कपाट खोले गए।
अक्षय तृतीया को यमुना नदी में स्नान करना पुण्यकारी माना जाता है, इसलिए यमुनोत्री घाट पर भी स्नान करने वालों की भीड़ रही।
अब केदारनाथ और बद्रीनाथ की बारी
- केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई 2025 को सुबह 6:20 बजे खोले जाएंगे। दर्शन की अनुमति सुबह 7 बजे से दी जाएगी।
- बद्रीनाथ धाम के कपाट 4 मई 2025 को सुबह 6 बजे खुलेंगे।
उत्तराखंड सरकार द्वारा इन दोनों धामों में सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद कर दिया गया है।
यात्रियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश
- चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है।
- मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र साथ रखें।
- अधिक ऊंचाई पर सांस और हृदय से संबंधित मरीज सावधानी बरतें।
- मौसम की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त करें।
DeshHarpal पर पढ़ें हर बड़ी खबर।