जबलपुर में सोमवार देर रात एक 33 वर्षीय युवक की सिर्फ एक मामूली बात पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक ने शादी के दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ लड़कों को घोड़ी से दूर रहने को कहा था, जिससे नाराज होकर आरोपियों ने उसे घेरकर चाकू मार दिया। आरोपी वारदात को अंजाम देकर उसे बीच सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।

घायल हालत में मिला, अस्पताल में मौत
कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने युवक को खून से लथपथ हालत में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। हनुमानताल और घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई।
आरोपियों की पहचान, तलाश जारी
पुलिस ने हत्या के मामले में जीशान और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शादी समारोह में हुआ था विवाद
हनुमानताल निवासी मोनू उर्फ सादिल शादियों में दूल्हे के लिए घोड़ी लगाने का काम करता था। सोमवार रात वह घमापुर में एक शादी में गया था। कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक बाइक से भीड़ के बीच से निकल रहे थे, तब मोनू ने उन्हें घोड़ी से दूर रहने को कहा, ताकि कोई हादसा न हो।
पहले झगड़ा, फिर बदला
इस बात को लेकर मौके पर ही विवाद हो गया, लेकिन बारात में मौजूद लोगों ने मामला शांत करा दिया। इसके बाद आरोपी वहां से चले गए, लेकिन उन्होंने इस बात का बदला लेने की ठान ली।
घर के बाहर किया हमला
रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच जब मोनू घर पहुंचा और घोड़ी बांधकर घर में जा रहा था, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने ताबड़तोड़ चाकू मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
परिवार पर था जिम्मा
मृतक के भाई मोहम्मद साबिर ने बताया कि उन्हें आरोपियों की पहचान नहीं है। विवाद सिर्फ इतना था कि मोनू ने घोड़ी से दूर रहने को कहा था। मोनू ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभालता था और शादियों में घोड़ी लगाकर घर चलाता था।
पुलिस जांच में जुटी
हनुमानताल थाना पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है, लेकिन अभी तक सभी आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि जीशान और उसके साथी जल्द ही गिरफ्त में होंगे।
👉 अधिक खबरों और अपडेट के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
