दाहोद/वडोदरा, देश हरपल:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे पर Operation Sindoor की सफलता का जश्न मना रहे हैं। सोमवार को वडोदरा में रोड शो से शुरू हुए इस दौरे की सबसे बड़ी झलक रही दाहोद की जनसभा, जहां उन्होंने राष्ट्र सुरक्षा, विकास और आत्मनिर्भर भारत पर गर्जना करते हुए आतंकियों को सख्त चेतावनी दी।
“जो बहनों के सिंदूर को मिटाएगा, वो खुद मिट जाएगा” – पीएम मोदी
मोदी ने कहा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 140 करोड़ भारतीयों को चुनौती दी थी। लेकिन हमने उन्हें 22 मिनट में मिट्टी में मिला दिया। मोदी चुप बैठने वालों में से नहीं है। अगर कोई हमारी बहनों के सिंदूर को मिटाएगा, तो उसका मिटना तय है।”
उन्होंने बताया कि कैसे 22 मई को आतंकी हमला हुआ और 6 जून की रात 22 मिनट में भारत की सेनाओं ने 9 आतंकी ठिकानों को खत्म कर इतिहास रच दिया।
Operation Sindoor सिर्फ मिलिट्री स्ट्राइक नहीं, ये भारतीय आत्मा की आवाज है
पीएम ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं थी, बल्कि यह भारत के संस्कारों और भावनाओं की अभिव्यक्ति है। आतंकियों ने जो दुस्साहस किया, उसका करारा जवाब भारत ने दिया। ये हमारे तप और त्याग का प्रतीक है।”
विकास का दूसरा नाम बना ‘मोदी का गुजरात’
दाहोद की जनसभा से पहले पीएम मोदी ने 24,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने वेरावल-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस और वलसाड-दाहोद एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। साथ ही, दाहोद की बहुप्रतीक्षित इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव फैक्ट्री का भी उद्घाटन किया, जिसका पहला इंजन तैयार हो चुका है।
मोदी बोले, “3 साल पहले जब इसका शिलान्यास हुआ था तो लोगों ने कहा था कि ये चुनावी जुमला है। लेकिन आज फैक्ट्री में पहला इंजन बनकर तैयार है। गुजरात का रेलवे नेटवर्क 100% विद्युतीकृत हो चुका है।”
“26 मई 2014 को मिली जिम्मेदारी, आज 26 मई 2025 को सेवा का संकल्प और मजबूत”
पीएम मोदी ने भावुक लहजे में कहा, “आज वही तारीख है जब 2014 में मैंने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। मुझे सबसे पहले आशीर्वाद गुजरात की धरती से मिला, फिर देश के कोटि-कोटि जनों ने मुझे सिर आंखों पर बिठाया। इसी आशीर्वाद से देश ने अकल्पनीय और अभूतपूर्व फैसले लिए।”
‘विकसित भारत’ की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है देश: पीएम मोदी
मोदी ने कहा, “आज देश निराशा के अंधकार से निकलकर आत्मविश्वास की रोशनी में आगे बढ़ रहा है। स्मार्टफोन से लेकर ट्रेन, मेट्रो, दवा और हथियार तक हम भारत में बना रहे हैं। हम मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी में तेजी से आत्मनिर्भर हो रहे हैं। भारत की बनी वस्तुएं आज दुनिया भर में एक्सपोर्ट हो रही हैं।”
“पाकिस्तान का मकसद भारत से दुश्मनी, लेकिन हमारा लक्ष्य है विकास”
मोदी ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा, “विभाजन के बाद बना देश आज भी भारत से नफरत और दुश्मनी को ही अपना लक्ष्य मानता है, लेकिन हमारा मिशन है गरीबी हटाना, समृद्ध भारत बनाना और दुनिया में भारतीय तिरंगे को गर्व से ऊंचा करना।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा सिर्फ विकास कार्यों के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी सैन्य उपलब्धियों के ज़रिए देशवासियों में विश्वास और गर्व का संचार किया। उनकी बातें न सिर्फ राजनीतिक संदेश थीं, बल्कि हर भारतीय के दिल की आवाज़ भी।
