मध्यप्रदेश के उज्जैन में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह आगर रोड स्थित एक वाइन शॉप के बाहर उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान बेगमबाग निवासी आरिफ उर्फ भूरा (पिता गफ्फार) के रूप में हुई है। वह ऑटो चलाने के साथ-साथ पेंट का काम भी करता था। परिजनों के मुताबिक, वह बुधवार रात करीब 9 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
शरीर पर मिले गहरे घाव, हत्या की पुष्टि
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी पुष्पा प्रजापति और टीआई गजेंद्र पचौरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को मृतक के शरीर पर चाकू के 2-3 गहरे घाव मिले हैं, जिससे साफ है कि हत्या धारदार हथियार से की गई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिचितों का कहना है कि आरिफ की किसी से दुश्मनी की जानकारी नहीं थी। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन करता था और अक्सर काम के सिलसिले में बाहर रहता था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही, मृतक के पुराने विवाद और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
सीएसपी पुष्पा प्रजापति के अनुसार, मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में और स्पष्टता आएगी।
👉 ऐसे ही ताजा और भरोसेमंद खबरों के लिए विजिट करें www.deshharpal.com
