मध्यप्रदेश में सड़क हादसों में घायल लोगों की मदद करने वालों को अब सरकार इनाम देगी। यदि कोई व्यक्ति एक्सीडेंट के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करता है, तो उसे 25,000 रुपए का इनाम दिया जाएगा। इस योजना का नाम “राहवीर योजना” रखा गया है।
इस फैसले की घोषणा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा में हुई कैबिनेट बैठक में की गई।
कैसे मिलेगा इनाम?
- हादसे की जगह रुककर घायल को तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर मदद करनी होगी
- उसे अस्पताल तक पहुंचाने में सहयोग करना होगा
- मदद करने वाले को पहचान और जांच के बाद 25 हजार रुपए इनाम में दिए जाएंगे

बैठक से जुड़े अन्य बड़े फैसले
कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल आएंगे।
- पीएम यहां दो लाख महिलाओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे
- महिला कामगारों के लिए औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष सुविधाएं बनाई जाएंगी
- पीएम इंदौर मेट्रो, दतिया और सतना एयरपोर्ट का लोकार्पण भी करेंगे
ऐतिहासिक माहौल में हुई बैठक(deshharpal.com)
बैठक इंदौर के राजवाड़ा के गणेश हॉल में आयोजित हुई। खास बात ये रही कि हॉल में देवी अहिल्या की मूर्ति को मुख्यमंत्री से आगे रखा गया। सीएम ने मूर्ति के सामने पुष्प अर्पित कर नमन किया।
मुख्यमंत्री और कुछ मंत्री धोती-कुर्ता और भगवा दुपट्टा पहनकर पहुंचे। सुरक्षा के चलते मंत्रियों के साथ आए OSD और अधिकारियों को कड़ी चेकिंग के बाद ही प्रवेश मिला।
हालांकि, अपने विवादित बयान को लेकर चर्चा में आए मंत्री विजय शाह इस बैठक से अनुपस्थित रहे।



