नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने छत्तीसगढ़ में नेशनल हाईवे पर टोल टैक्स की दरों में बढ़ोतरी कर दी है। अब 1 अप्रैल से राज्य के अलग-अलग शहरों को जोड़ने वाले टोल प्लाजा पर यात्रियों को पहले से ज्यादा पैसा देना होगा।
हर टोल पर 5 रुपए बढ़े, यात्रियों पर बढ़ेगा बोझ
नई दरों के मुताबिक, बिलासपुर से रायपुर, कोरबा, अंबिकापुर और रायगढ़ जाने वाले सभी प्रमुख टोल प्लाजा पर कम से कम 5 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। रोजाना इन रास्तों से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
एनुअल पास भी हुआ महंगा
NHAI ने सालाना पास की कीमत में भी इजाफा किया है। अब कार के लिए बनने वाला वार्षिक पास 3000 रुपए से बढ़ाकर 3075 रुपए कर दिया गया है। हालांकि स्थानीय पासधारकों को पुराने रेट पर ही सुविधा मिलती रहेगी, जिससे उन्हें राहत मिली है।
इन टोल प्लाजा पर पड़ेगा असर
बिलासपुर जिले के प्रमुख टोल प्लाजा—भोजपुरी, मुढ़ीपार, पाराघाट और बगदेवा—से रोजाना करीब 1 लाख वाहन गुजरते हैं। नई दरों का असर सबसे ज्यादा इन रूट्स पर देखने को मिलेगा।
5 से 20 रुपए तक बढ़ी दरें
NHAI के नोटिफिकेशन के अनुसार टोल शुल्क में 5% से 10% तक की बढ़ोतरी की गई है। अलग-अलग वाहनों के लिए यह बढ़ोतरी 5 से 20 रुपए तक है।
रिंग रोड पर हल्के वाहनों को राहत दी गई है, जबकि भारी कमर्शियल वाहनों के टोल में ही वृद्धि की गई है।
कैसे तय होता है टोल टैक्स
टोल टैक्स की दरें होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) के आधार पर तय होती हैं। सड़क की लंबाई, फ्लाईओवर, अंडरपास और अन्य सुविधाओं को देखते हुए हर साल दरों की समीक्षा की जाती है।
फास्टैग जरूरी, नहीं तो देना होगा दोगुना टोल
सभी टोल प्लाजा पर अब कैश पेमेंट पूरी तरह बंद रहेगा। जिन वाहनों में फास्टैग नहीं होगा, उन्हें दोगुना टोल टैक्स देना पड़ेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए 24 घंटे रिचार्ज और हेल्पडेस्क की व्यवस्था भी की गई है।
अधिकारियों ने क्या कहा
NHAI के मैनेजर राजेश्वर सूर्यवंशी के मुताबिक, यह बढ़ोतरी मुख्यालय के निर्देश पर की गई है और 1 अप्रैल से नई दरें लागू होंगी। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के लिए 20 किमी की छूट योजना पहले की तरह जारी रहेगी।
👉 देश और प्रदेश की ताजा खबरों के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
