बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित देवरीखुर्द हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक बार फिर ‘नाइटी गैंग’ ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने रेलवे कर्मचारियों के तीन सूने मकानों को निशाना बनाकर लगभग 8 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चुरा लिए। घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें पांच आरोपी नजर आ रहे हैं।YouTube
चोरों ने घरों के दरवाजों की कुंडी तोड़कर और लोहे की ग्रिल उखाड़कर अंदर प्रवेश किया। 22 मई को के. निखिलेश कुमार अपने परिवार के साथ आंध्रप्रदेश गए थे और मोबाइल से घर के सीसीटीवी कैमरे की निगरानी कर रहे थे। उन्हें घर का ताला खुला दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने अपने दोस्तों और पुलिस को सूचना दी। बुधवार को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला, कुंडी और ग्रिल उखड़ी हुई थी और घर के अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने निखिलेश कुमार के घर से सोने का हार, कंगन, चूड़ियाँ, अंगूठियाँ, चैन, लॉकेट, इयरिंग्स, मंगलसूत्र, सोने का धागा, सोने का सिक्का, चांदी की पायल और 20 हजार रुपये नकद चुरा लिए। पड़ोसी एसके भट्टाचार्य के घर से 25 हजार रुपये नकद, चांदी की पायल, कड़ा, सोने की अंगूठियाँ और अन्य जेवरात चोरी हुए। माइकल मिंज के घर से चांदी का गिलास समेत कुल चार लाख से अधिक का सामान चोर ले गए।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, लेकिन अब तक कोई बड़ा सुराग नहीं मिला है। पुलिस को शक है कि यह वही गिरोह है जिसने 22 मई को मोपका क्षेत्र के गणेश वेली और महावीर सिटी के दो सूने मकानों में चोरी की थी और 26 मई को मस्तूरी जयरामनगर की एक ज्वेलरी शॉप में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इन सभी घटनाओं में चोरों ने गाउन और मुखौटा पहन रखा था और उनकी हरकतें सीसीटीवी में कैद हुई थीं।

