मध्य प्रदेश के सागर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने अपनी ही पत्नी के मायके वालों को फंसाने के लिए खौफनाक साजिश रच डाली।
यह घटना रानगिर देवी धाम मंदिर की है, जहां आरोपी ने ब्लूटूथ स्पीकर में बम फिट कर मंदिर परिसर में रख दिया। 17 मार्च को जैसे ही स्पीकर चालू हुआ, जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में 11 साल की मासूम बच्ची समेत तीन लोग घायल हो गए, जिनमें बच्ची की हालत गंभीर है और उसका इलाज भोपाल में चल रहा है।


कैसे हुआ पूरा हादसा?
16 मार्च को आरोपी मंदिर के पास पहुंचा और प्रसाद की दुकान के बाहर स्पीकर रखकर चला गया। दुकान संचालक राधेश्याम रैकवार को लगा कि कोई गलती से स्पीकर भूल गया है, इसलिए उन्होंने उसे घर के अंदर रख लिया।
अगले दिन रात को उनकी नातिन संजना ने जब स्पीकर ऑन किया, तो तेज धमाका हो गया। इस विस्फोट में संजना बुरी तरह घायल हो गई, जबकि राधेश्याम और उनकी पत्नी भी जख्मी हो गए।
पहले मोबाइल ब्लास्ट बताया गया, फिर खुली सच्चाई
शुरुआत में इस घटना को मोबाइल बैटरी फटने का मामला बताया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इतनी गंभीर चोटों पर सवाल उठाए। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की। मौके से वायर और इलेक्ट्रॉनिक सबूत मिलने पर फोरेंसिक जांच कराई गई, जिसमें बारूद से ब्लास्ट होने की पुष्टि हुई।
एक मैसेज से खुला पूरा राज
पुलिस को जांच के दौरान एक बड़ा सुराग मिला। घटना से पहले मंदिर के पुजारी को एक संदिग्ध मैसेज भेजा गया था, जिसमें कुछ लोगों के नाम लेकर बम ब्लास्ट की साजिश बताई गई थी। इसी मैसेज के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।
पत्नी के मायके वालों को फंसाने की थी साजिश
जांच में सामने आया कि आरोपी गोलू उर्फ इमारत पटेल ने अपनी पत्नी के मायके वालों से बदला लेने के लिए यह प्लान बनाया था। पत्नी उससे नाराज होकर मायके चली गई थी और वापस नहीं आ रही थी।
गुस्से में आकर आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर स्पीकर बम तैयार किया और उसे मंदिर में रख दिया, ताकि यह आतंकी घटना लगे और पत्नी के परिवार वाले इस केस में फंस जाएं।
पहले से शादीशुदा थी पत्नी, बढ़ा विवाद
आरोपी ने 2025 में अपने से 11 साल बड़ी महिला से शादी की थी। बाद में उसे पता चला कि महिला पहले से शादीशुदा है और उसके चार बच्चे भी हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और महिला फरवरी 2026 में मायके लौट गई।
यूट्यूब से सीखा बम बनाना
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले माइंस में काम कर चुका है, इसलिए उसे बारूद की जानकारी थी। उसने डेटोनेटर खरीदा और यूट्यूब की मदद से स्पीकर बम तैयार किया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है, वहीं एक मासूम बच्ची की जिंदगी पर इसका गहरा असर पड़ा है।
👉 ऐसी ही लेटेस्ट और विश्वसनीय खबरों के लिए विजिट करें deshharpal.com
