घने कोहरे के कारण Mathura Yamuna Expressway पर 8 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहनों में आग लग गई और 13 लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई। जले हुए शवों की हालत इतनी खराब थी कि उन्हें 17 पॉलिथीन में भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजना पड़ा। इस दर्दनाक दुर्घटना में करीब 70 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने और घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को मथुरा और आगरा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोहरा इतना घना था कि आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। एक वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रहे वाहन आपस में भिड़ते चले गए और हादसा बड़ा रूप ले गया।
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। यह हादसा एक बार फिर कोहरे में तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने के खतरे की याद दिलाता है।
हर ख़बर, हर पल — सिर्फ़ देशहरपल पर!
