छत्तीसगढ़ के रायपुर में शनिवार को दो अलग-अलग जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
अपार्टमेंट की लिफ्ट में लगी आग
खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डॉल्फिन ज्वेलो अपार्टमेंट में अचानक लिफ्ट में आग लग गई। आग लगते ही धुआं तेजी से पूरे अपार्टमेंट में फैल गया, जिससे वहां रहने वाले लोग घबरा गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले लिफ्ट से धुआं निकलता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग भड़क उठी। मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए कॉलोनीवासियों को अलर्ट किया।


रहवासियों और गार्ड की समझदारी से बची जानें
सिक्योरिटी गार्ड और कॉलोनी के लोगों ने मिलकर फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की और काफी हद तक आग पर काबू पा लिया।
फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग काफी हद तक नियंत्रित हो चुकी थी। हालांकि, लिफ्ट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
शॉर्ट सर्किट माना जा रहा कारण
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन असली कारणों की जांच अभी जारी है। घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
तंबाखू गोदाम में भी लगी आग
इसी दिन भनपुरी इलाके में एक बंद पड़े तंबाखू गोदाम में भी आग लग गई। बताया जा रहा है कि कचरा जलाने के कारण आग भड़क उठी और धीरे-धीरे पूरे गोदाम में फैल गई।
सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
प्रशासन की अपील
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों और इमारतों में फायर सेफ्टी उपकरणों की नियमित जांच करवाएं और किसी भी आपात स्थिति में सतर्कता बरतें।
👉 ऐसी ही लेटेस्ट और जरूरी खबरों के लिए जुड़े रहें www.deshharpal.com
