उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा एक बार फिर चर्चा में है। मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं ने दावा किया है कि प्राचीन प्रतिमा में दरारें आने लगी हैं। इसे लेकर भक्तों में नाराजगी है। बजरंग दल से जुड़े शालू यादव ने आरोप लगाया कि प्रशासन बार-बार प्रतिमा को हटाने का प्रयास कर रहा है। श्रद्धालुओं ने चेतावनी दी है कि यदि प्रतिमा को दूसरी जगह स्थापित करने की कोशिश की गई तो वे सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।
प्रतिमा के पीछे प्लास्टर उखड़ने का दावा
बजरंग दल से जुड़े शालू यादव ने बताया कि प्रशासन खड़े हनुमानजी की प्रतिमा की कई बार स्कैनिंग करा चुका है। इसके अलावा मंदिर का ढांचा भी हटाया गया था। उनका दावा है कि इसके बाद प्रतिमा की स्थिति प्रभावित हुई है। प्रतिमा के पीछे कई जगह प्लास्टर उखड़ने लगा है और दरारें भी दिखाई दे रही हैं।
मंदिर का मूल ढांचा हटाए जाने के बाद भी प्रतिमा उसी स्थान पर टेंट के नीचे विराजमान है। शालू यादव के मुताबिक, इस संबंध में प्रशासन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
श्रद्धालु प्रतिमा को दूसरी जगह स्थापित करने के पक्ष में नहीं हैं। उनका आरोप है कि इसके बावजूद प्रशासन बार-बार प्रतिमा को हटाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रतिमा को विस्थापित करने की कोशिश की गई तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
कई बार हुई जांच, रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं
मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए जाने के करीब तीन महीने बाद रविवार सुबह 6 बजे प्रशासनिक टीम विशेष इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ मंदिर पहुंची थी। टीम ने प्रतिमा के आसपास रखी सामग्री हटवाकर करीब आधे से पौने घंटे तक स्कैनिंग की। इस दौरान मंदिर के पुजारी को भी बुलाया गया और जांच की प्रक्रिया पूरी की गई।
मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, इससे पहले 29 सितंबर को भी टीम ने प्रतिमा की जांच की थी। हालांकि, उस जांच की रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
टेंट के नीचे विराजमान हैं हनुमानजी
मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए जाने के बाद प्राचीन प्रतिमा की सुरक्षा के लिए उसके ऊपर कैनोपी यानी टेंट लगाया गया है। श्रद्धालु प्रतिमा को उसके मूल स्थान पर ही सुरक्षित रखने की मांग कर रहे हैं।
कुछ श्रद्धालु मौजूदा स्थिति की तुलना अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से पहले भगवान श्रीराम के टेंट में विराजमान रहने की स्थिति से भी कर रहे हैं।
फिलहाल प्रतिमा की स्थिति को लेकर प्रशासन की अगली कार्रवाई और रविवार को हुई स्कैनिंग की रिपोर्ट का इंतजार है।


