भोपाल, 21 नवंबर 2025
भोपाल (Bhopal ) के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा कथित रूप से बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराए जाने का मामला सामने आया है। फरियादी शुभम गोस्वामी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि दो वर्ष पूर्व उनका परिचय एक युवती से हुआ था। शिकायत के अनुसार युवती के परिवार की ओर से विवाह का आश्वासन देकर शुभम पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया और उन्होंने मुस्लिम धर्म अपनाते हुए अमन खान नाम ग्रहण किया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस प्रक्रिया के दौरान परिवार पर धमकियाँ दी गईं, अनुचित दबाव बनाया गया तथा युवक को धार्मिक गतिविधियों में भेजा गया। बाद में विवाह का वादा पूरा नहीं हुआ और विवाद उत्पन्न हुआ।
मामला मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के संज्ञान में आने के बाद युवक ने जनदर्शन में पहुंचकर सहायता की मांग की। मंत्री ने पुलिस प्रशासन से बात कर फरियादी को सुरक्षा एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराई। मंत्री सारंग की पहल के बाद प्राचीन गुफा मंदिर में पंडितों व पुजारियों की उपस्थिति में शुभम की पुनः हिंदू धर्म में वापसी कराई गई, जिसे धार्मिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न बताया गया।
पुलिस के अनुसार, युवक की शिकायत के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी भी सामने आई है और जांच जारी है।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि ऐसे प्रकरणों में पीड़ितों को कानूनी सहायता दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच तथ्यों के आधार पर की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।
हर ख़बर, हर पल — सिर्फ़ देशहरपल पर!
