इंदौर में हुए दिल दहला देने वाले इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) हादसे को लेकर अब बिजली कंपनी की शुरुआती जांच रिपोर्ट सामने आई है। हालांकि, इस रिपोर्ट को अभी आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया गया है, लेकिन जो जानकारी सामने आई है, वह काफी चौंकाने वाली है।
रिपोर्ट के मुताबिक, आग की शुरुआत घर में लगे EV चार्जिंग पॉइंट से हुई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि घर के लिए 15 किलोवॉट का बिजली लोड स्वीकृत था, लेकिन आमतौर पर 2 से 9 किलोवॉट तक ही बिजली का इस्तेमाल हो रहा था। ऐसे में ओवरलोड की संभावना कम बताई जा रही है।

चार्जिंग के दौरान हुआ धमाका
बिजली कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि हादसे के समय कार चार्जिंग पर लगी हुई थी। स्मार्ट मीटर के डिजिटल डेटा से यह पुष्टि हुई है कि देर रात EV चार्जिंग चल रही थी। कंपनी ने पिछले 3 महीनों का डेटा खंगालकर यह रिपोर्ट तैयार की है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चार्जिंग के दौरान पहले ऑटो कट-ऑफ हुआ, लेकिन करीब आधे घंटे बाद दोबारा चार्जिंग शुरू हुई। इसके बाद कार की बैटरी में जोरदार ब्लास्ट हो गया, जो आग का कारण बना।
रोज रात होती थी चार्जिंग
जांच में यह भी सामने आया कि कार रोज रात 11 बजे से सुबह 3 बजे तक चार्ज होती थी। हादसे वाली रात भी यही क्रम था। जैसे ही चार्जिंग शुरू होती, घर का कुल बिजली लोड 2 किलोवॉट से बढ़कर करीब 9 किलोवॉट तक पहुंच जाता था।
रहवासियों ने क्या बताया
पास में रहने वाले लोगों के मुताबिक, रात करीब 3 से 3:15 बजे के बीच कार से धुआं उठता देखा गया था। लोगों ने तुरंत आसपास के लोगों को जगाया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लेकिन दमकल की गाड़ियां करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचीं।
8 लोगों की गई जान
यह हादसा बेहद दर्दनाक साबित हुआ। आग ने देखते ही देखते तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में कारोबारी मनोज पुगलिया, उनकी गर्भवती बहू समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि आग ने घर के अंदर रखे गैस सिलेंडरों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक के बाद एक धमाके हुए। घर में लगे डिजिटल लॉक भी समय पर नहीं खुल सके, जिसके कारण लोग बाहर नहीं निकल पाए।
जिम्मेदारी से बचने की कोशिश?
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में जिम्मेदारी तय होने से बचने के लिए कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी अपने कर्मचारियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।
👉 इस खबर से जुड़ी हर अपडेट के लिए विजिट करें: www.deshharpal.com
