मध्य प्रदेश के खंडवा में कांग्रेस संगठन के भीतर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में ब्लॉक अध्यक्षों और किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष की नियुक्तियों के बाद पार्टी के अंदर ही विरोध तेज हो गया है।
कांग्रेस के कई नेता अब खुलकर सोशल मीडिया पर संगठन के फैसलों पर सवाल उठा रहे हैं। आरोप है कि बाहरी लोगों, बिना दावेदारी करने वालों और चुनाव के दौरान कथित तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं को पद दे दिए गए।

इंदौर के नेता बने खंडवा के जिलाध्यक्ष
विवाद उस वक्त और बढ़ गया जब किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष की लिस्ट सामने आई। इसमें इंदौर निवासी सोनू गुर्जर पहलवान को खंडवा का जिलाध्यक्ष बना दिया गया।
हैरानी की बात यह रही कि लिस्ट में नाम तो सोनू गुर्जर का था, लेकिन मोबाइल नंबर संजय पाटीदार का लिखा हुआ था, जिन्होंने इस पद के लिए दावेदारी की थी।
बताया जा रहा है कि सोनू गुर्जर को रॉबर्ट वाड्रा का करीबी माना जाता है, जबकि संजय पाटीदार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नजदीकी बताए जाते हैं।
इस पर कांग्रेस नेता नारायण सिंह तोमर ने तंज कसते हुए कहा— “गुर्जर को बधाई देने फोन लगाया तो पाटीदार को लग गया… क्या खंडवा में कोई किसान नहीं मिला?”
भाजपा से जुड़े लोगों को पद?
विवाद सिर्फ यहीं नहीं रुका। छैगांवमाखन ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में जयेश पटेल की नियुक्ति पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने 2023 विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी छाया मोरे का समर्थन किया था।
स्थानीय नेताओं का कहना है कि वर्तमान में भी जयेश पटेल भाजपा विधायक के करीबी हैं, ऐसे में उनकी नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई है।
इस्तीफा और बढ़ता विरोध
इस पूरे विवाद के बीच खालवा ब्लॉक के कांग्रेस नेता वीरेंद्र प्रजापति ने नाराज होकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
वहीं, सिंगोट उपब्लॉक में केदार पाटीदार को अध्यक्ष बनाए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने इस पद के लिए न तो आवेदन किया था और न ही कोई बायोडाटा दिया था।
संगठन के खिलाफ खुलकर आवाज
अब कांग्रेस प्रत्याशी रही रूपाली बारे के समर्थक भी इन नियुक्तियों को लेकर विरोध की तैयारी में हैं और जल्द ही संगठन प्रभारी से शिकायत करने वाले हैं।
खंडवा कांग्रेस में उठे इस विवाद ने साफ कर दिया है कि संगठन के अंदर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और बड़ा रूप ले सकता है।
👉 इस खबर से जुड़ी हर अपडेट के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
