प्रदेश की बदहाल सड़कों को लेकर दायर जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने साफ कहा कि सरकार और NHAI ने कुछ काम जरूर शुरू किए हैं, लेकिन समय पर पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी बेहद जरूरी है।
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने राज्य सरकार और NHAI को अगली सुनवाई से पहले विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। इस मामले की अगली सुनवाई 5 मई को होगी।
सरकार ने क्या बताया कोर्ट में
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने शपथपत्र में कई अहम जानकारियां दीं। इसमें बताया गया कि बिलासपुर की पेंड्रीडीह चौक से नेहरू चौक तक सड़क के लिए अब 4079 लाख रुपए का बजट तय किया गया है और प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है।
इसके अलावा सीपत से बलौदा रोड की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जशपुर-अंबिकापुर जैसी कई सड़कें, जो नेशनल हाईवे के अंतर्गत आती हैं, उनका काम NHAI द्वारा किया जाएगा।
मोपका-सेंदरी बायपास को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही इसका टेंडर जारी होगा। वहीं श्रीकांत वर्मा चौक से CMD चौक तक सड़क निर्माण को 3 फरवरी 2026 को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है।
तारबहार से शिव टॉकीज चौक तक सड़क का काम पूरा हो चुका है, जबकि मंगला चौक से दीनदयाल उपाध्याय नगर तक चौड़ीकरण का काम जारी है। नारायणपुर से भाटापारा रोड के लिए 9 मार्च 2026 को वर्क ऑर्डर भी जारी किया जा चुका है।
NHAI का दावा – मानसून से पहले काम पूरा
NHAI ने कोर्ट को बताया कि NH-130 (कोरबा-कटघोरा क्षेत्र) में जमीन विवाद के कारण रुका काम अब फिर से शुरू हो गया है। करीब 20 करोड़ की लागत से इस प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है और इसे मानसून से पहले पूरा करने की योजना है।
वहीं NH-149B (कटघोरा-गोपालपुर) की 8.55 किलोमीटर सड़क के सुधार का काम भी तेजी से जारी है।
हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी
कोर्ट ने साफ कहा कि सिर्फ काम शुरू करना काफी नहीं है, बल्कि उसे समय पर पूरा करना भी जरूरी है। इसके लिए सरकार और संबंधित एजेंसियों को लगातार मॉनिटरिंग करनी होगी।
हाईकोर्ट ने पीडब्ल्यूडी सचिव को निर्देश दिए हैं कि अगली सुनवाई तक पूरी प्रगति रिपोर्ट पेश करें। साथ ही NHAI से भी पूछा गया है कि सभी प्रोजेक्ट कब तक पूरे होंगे और उनकी समय-सीमा क्या है।
अब 5 मई को होने वाली अगली सुनवाई से पहले कोर्ट इन सभी परियोजनाओं की प्रगति पर नजर रखेगा।
👉 इस खबर से जुड़ी हर अपडेट के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
