मध्य प्रदेश के सागर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शनिवार तड़के करीब 4 बजे गढ़ाकोटा रोड पर चलती कार में अचानक आग लग गई। इस हादसे में कार में सवार डॉक्टर की पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि डॉक्टर समय रहते बाहर निकलकर बच गए।

चलती कार में अचानक लगी आग
जानकारी के मुताबिक, कार में आग सामने वाले हिस्से से शुरू हुई थी। उस वक्त महिला पीछे की सीट पर बैठी थीं और उनकी हालत भी ठीक नहीं बताई जा रही थी। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और महिला बुरी तरह झुलस गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
इलाज के लिए ले जा रहे थे सागर
बताया जा रहा है कि गढ़ाकोटा निवासी डॉ. नीलेश कुर्मी (42) अपनी पत्नी सीमा कुर्मी (38) को इलाज के लिए सागर ला रहे थे। तभी रास्ते में चनाटोरिया के पास अचानक कार में आग भड़क उठी।
कार में CNG किट लगी होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।
परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब मृतका के भाई लोकेश पटेल ने घटना पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर यह सिर्फ हादसा होता, तो मौके पर उसके साफ निशान मिलते।
लोकेश ने आरोप लगाया कि उनकी बहन और जीजा के बीच अक्सर विवाद होता था। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी बहन को पहले बेहोश किया गया या उनकी हत्या की गई और फिर कार में लाया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस बोली – हर एंगल से जांच जारी
सानौधा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर के मुताबिक, कार में आग लगने से महिला की मौत हुई है। एफएसएल टीम मौके से सबूत जुटा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
फिलहाल यह मामला हादसा है या साजिश, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा
👉 इस खबर से जुड़ी हर अपडेट के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
