उज्जैन के माधवनगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात बदमाशों ने एक बार फिर दहशत फैला दी। अज्ञात आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी कार के कांच पत्थरों से तोड़ दिए। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
मामला देवास रोड स्थित आश्रय होटल के पास मिशन कंपाउंड का है। यहां रहने वाले संदीप कुमार मीणा की कार घर के बाहर खड़ी थी। देर रात दो युवक वहां पहुंचे और पत्थरों से कार के कांच फोड़कर मौके से फरार हो गए।
सुबह जब संदीप ने गाड़ी देखी तो कांच टूटे हुए थे। इसके बाद उन्होंने माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की, जिसमें दोनों आरोपी साफ नजर आ रहे हैं। फुटेज में दिख रहा है कि युवक पहले बाइक खड़ी करते हैं, फिर पैदल आकर वारदात को अंजाम देते हैं और भाग जाते हैं।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
उज्जैन में इस तरह की घटनाएं नई नहीं हैं। इससे पहले चिमनगंज थाना क्षेत्र के बाफना पार्क और ऋषिनगर इलाके में भी इसी तरह कारों को नुकसान पहुंचाने के मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि, अब तक आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
कॉम्बिंग गश्त के बावजूद जारी वारदात
गौरतलब है कि हाल ही में उज्जैन पुलिस ने 600 जवानों के साथ शहर में बड़ी कॉम्बिंग गश्त चलाई थी। इस दौरान कई वारंट तामील किए गए और इनामी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
👉 ऐसी ही खबरों के लिए पढ़ते रहें: www.deshharpal.com



