Bilaspur में बालाजी गैस एजेंसी के खिलाफ गुरुवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए एजेंसी के बाहर हंगामा किया। बाद में कई उपभोक्ता शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट भी पहुंचे।
लोगों का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान करने के बाद भी उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा। वहीं कुछ लोगों को सीधे सिलेंडर दिए जा रहे हैं।

“स्टॉक खत्म” कहकर लौटाया
उपभोक्ताओं ने बताया कि वे घंटों लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन एजेंसी कर्मचारी “स्टॉक खत्म” होने की बात कहकर वापस भेज देते हैं।
वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों को बिना लाइन के सिलेंडर दे दिए जाते हैं। इसी बात को लेकर महिलाओं और बुजुर्गों ने भी नाराजगी जताई।
किसी और को दे रहे सिलेंडर
लोगों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन बुकिंग असली उपभोक्ता के नाम पर होती है, लेकिन सिलेंडर किसी दूसरे व्यक्ति को दे दिया जाता है।
इस वजह से जिन लोगों ने समय पर बुकिंग की, उन्हें भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
हंगामे के बाद पहुंची पुलिस
विवाद बढ़ने पर एजेंसी संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की।
हालांकि उपभोक्ता मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते रहे।

कलेक्ट्रेट पहुंचकर की शिकायत
हंगामे के बाद कई उपभोक्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां उन्होंने अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी को शिकायत दी।
इसके बाद एडीएम ने खाद्य विभाग को जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी उपभोक्ता को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
कलेक्टर पहले ही दे चुके हैं चेतावनी
हाल ही में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने गैस वितरण व्यवस्था की समीक्षा की थी। उन्होंने साफ कहा था कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी थी कि यदि किसी एजेंसी पर कालाबाजारी का मामला सही पाया गया, तो उसका लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है।

