Jabalpur के धनवंतरी नगर इलाके में स्थित एक होटल के कमरे से महिला की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से हड़कंप मच गया। महिला का शव खून से सना हुआ था। सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस को शुरुआती जांच में कई लापरवाहियां भी मिली हैं। होटल प्रबंधन ने महिला का आधार कार्ड या कोई पहचान पत्र नहीं लिया था। साथ ही उसका नाम-पता भी रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया गया।
नाश्ता देने पहुंचे कर्मचारी ने दी सूचना
जानकारी के मुताबिक रिलेक्स-इन होटल के कमरा नंबर-9 में करीब 40 वर्षीय महिला एक युवक के साथ रुकी थी। शुक्रवार दोपहर होटल का कर्मचारी नाश्ता देने कमरे तक पहुंचा।
काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल मैनेजर को सूचना दी गई।
जब दूसरी चाबी से दरवाजा खोला गया तो महिला की लाश कमरे में पड़ी मिली। महिला के शरीर पर खून और चोट के निशान भी पाए गए।
युवक होटल से गायब
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला के साथ एक युवक भी होटल में आया था। युवक दमोह का रहने वाला बताया जा रहा है।
गुरुवार शाम के बाद से वह होटल में दिखाई नहीं दिया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
होटल रिकॉर्ड में युवक का नाम गुड्डू बंसल बताया गया है। उसने पहचान पत्र के तौर पर ड्राइविंग लाइसेंस जमा कराया था।
कमरे से शराब की बोतल मिली
पुलिस को कमरे से शराब की बोतल भी मिली है। वहीं महिला के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला।
सीएसपी एमएल नागोतिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।
पुलिस होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
होटल प्रबंधन पर भी सवाल
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि होटल प्रबंधन ने महिला का आईडी कार्ड नहीं लिया था। पुलिस इस लापरवाही को लेकर होटल मैनेजर से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल पुलिस महिला की पहचान करने और फरार युवक को पकड़ने की कोशिश में जुटी है।
अधिक जानकारी और ताजा अपडेट्स के लिए विजिट करें www.deshharpal.com

