छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक ही लड़की से बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
मृतक की पहचान जितेश ठाकुर (20) के रूप में हुई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने 10 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गर्लफ्रेंड को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, राजीव नगर निवासी जितेश ठाकुर अपने दोस्तों राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर के साथ सोमवार देर रात केजू राइस मिल के पास मौजूद था। इसी दौरान एक लड़की से बातचीत को लेकर कुछ युवकों के साथ उनका विवाद हो गया।
देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हमले में जितेश ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तीनों युवकों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जितेश को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर का अस्पताल में इलाज जारी है। इनमें से एक युवक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
रातभर चली छापेमारी और पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्या के मामले में 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में और कौन-कौन शामिल था।

इलाके में तनाव, पुलिस गश्त बढ़ी
घटना के बाद राजीव नगर और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है।
पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

👉 ऐसी ही ताजा और भरोसेमंद खबरों के लिए जुड़े रहे www.deshharpal.com Portal के साथ



