रतलाम जिले के सैलाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सकरावदा गांव में मजदूरों से भरा एक ओवरलोड ऑटो पलट गया। हादसे में 15 साल की एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
25 से 30 मजदूरों को लेकर जा रहा था ऑटो
जानकारी के मुताबिक ऑटो रिक्शा (MP 43 K 2267) ग्राम फूफीरुंडी से मजदूरों को लेकर सैलाना जा रहा था। ऑटो में क्षमता से कहीं ज्यादा, करीब 25 से 30 मजदूर सवार थे।
सुबह करीब 7:30 बजे ऑटो सकरावदा के इमली चौक के पास एक मोड़ पर पहुंचा। तेज रफ्तार और ओवरलोड होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ऑटो पलट गया।
ऑटो के नीचे दबने से किशोरी की मौत
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे और ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
इस हादसे में फूफीरुंडी निवासी 15 वर्षीय कविता खराड़ी की ऑटो के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

3 घायलों की हालत गंभीर
दुर्घटना में कुल 6 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कुछ को मामूली चोटें आई हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल कालीबाई मईड़ा (40) और रेखा खराड़ी (35) का इलाज सैलाना स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। कुछ घायलों को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।
दो दिन पहले ही कटा था 15 हजार का चालान
सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि इसी ऑटो पर दो दिन पहले ओवरलोडिंग को लेकर 15 हजार रुपए का चालान किया गया था। इसके बावजूद चालक नियमों की अनदेखी कर क्षमता से ज्यादा लोगों को बैठाकर वाहन चला रहा था।
पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र में लगातार हो रहे ओवरलोड हादसे
क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के कारण हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। इससे पहले 2 मई को भी करीब 50 मजदूरों से भरी बोलेरो खाई में गिर गई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन हादसों के बाद कुछ दिन कार्रवाई करता है, लेकिन बाद में फिर से ओवरलोड वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाती है।
👉 मध्यप्रदेश और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए विजिट करें: www.deshharpal.com

