मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक फायनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को बचाने की कोशिश में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से टकरा गई।
हादसा इंदौर-खंडवा हाईवे पर छैगांव देवी के पास बुधवार रात करीब 11 बजे हुआ।
राहगीर को बचाने में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, देशगांव निवासी रविराज सिंह गौड़ (32) Sundaram Finance में ब्रांच मैनेजर थे। वे अपने स्टाफ कर्मचारी की शादी में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ एक सहकर्मी भी बाइक पर सवार था।
रास्ते में छैगांव देवी के पास अचानक एक व्यक्ति सड़क पार करने लगा। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चली गई।
साइन बोर्ड की टक्कर से मौके पर मौत
बाइक सड़क किनारे लगे संकेतक बोर्ड से टकरा गई। इस दौरान बोर्ड का हिस्सा रविराज सिंह की छाती में जोर से लगा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हैरानी की बात यह रही कि बाइक पर पीछे बैठे उनके सहकर्मी को मामूली खरोंच तक नहीं आई।
हाल ही में मिला था प्रमोशन
परिजनों के अनुसार, रविराज सिंह मेहनती, ईमानदार और मिलनसार स्वभाव के थे। हाल ही में उन्हें ब्रांच मैनेजर के पद पर प्रमोशन मिला था।
उनकी शादी साल 2024 में हुई थी और 21 अप्रैल को उन्होंने अपनी दूसरी मैरिज एनिवर्सरी मनाई थी। परिवार में उनकी पत्नी, मां और छोटा भाई हैं। पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
अस्पताल पहुंचे ग्रामीण और जनप्रतिनिधि
घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में देशगांव के लोग जिला अस्पताल पहुंचे। भाजपा जिलाध्यक्ष Rajpal Singh Tomar भी मौके पर पहुंचे।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रविराज सिंह गौड़ का अंतिम संस्कार देशगांव के पास स्थित देवझिरी मुक्तिधाम में किया गया।
इस हादसे के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
👉 ऐसी ही ताजा और भरोसेमंद खबरों के लिए जुड़े रहें www.deshharpal.com Portal के साथ।

