भीषण गर्मी के बीच बिलासपुर में खराब बिजली व्यवस्था ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कहीं ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मर खराब हो रहे हैं तो कहीं तकनीकी खामियों की वजह से लगातार बिजली कटौती हो रही है। ऊपर से बिना सूचना के मेंटेनेंस ने लोगों का गुस्सा और बढ़ा दिया है।
घंटों बिजली गुल, पानी की भी किल्लत
नेहरू नगर के मंगला क्षेत्र, भक्त कंवरराम नगर, कस्तूरबा नगर और सिंधी कॉलोनी में पिछले कई दिनों से बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।
बुधवार रात कई इलाकों में घंटों बिजली बंद रही। बिजली कटौती के कारण पानी सप्लाई भी प्रभावित हुई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी में लोगों को पूरी रात अंधेरे में बितानी पड़ी।
ट्रांसफार्मर में लगी आग
गुरुवार सुबह हालात और बिगड़ गए, जब सिंधी कॉलोनी के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
रहवासियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर काफी समय से खराब हालत में था। समय रहते मरम्मत नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि लो वोल्टेज के चलते कई घरों के बिजली उपकरण और पानी की मोटर खराब हो चुकी हैं।

बिजली ऑफिस का घेराव
लगातार परेशानियों से नाराज बड़ी संख्या में लोग गुरुवार सुबह नेहरू नगर स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे और विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए बिजली ऑफिस का घेराव किया।
लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया और बिजली सप्लाई सामान्य नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

विभाग ने दिया आश्वासन
बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली व्यवस्था सुधार दी जाएगी।
छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की हर बड़ी खबर के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
