Gujarat के बनासकांठा जिले के पालनपुर से इंसानियत और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति पर अपनी ही पत्नी को 50 हजार रुपये में बेचने का आरोप लगा है। हैरानी की बात यह रही कि महिला को बेचने के बाद आरोपी ने खुद ही उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी निकेश पटेल ने अपने साथियों संजय ठाकोर, अशोक ठाकोर और सचिन दरबार के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले महिला के गहने छीनकर बेच दिए। इसके बाद उसे बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पालनपुर पश्चिम पुलिस गुमशुदगी की शिकायत की जांच कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने महिला को बरामद किया और उससे पूछताछ की। महिला के बयान के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आई।
पालनपुर पश्चिम पुलिस थाने के पीआई आर.के. पटेल और उनकी टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
