भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में एक 28 वर्षीय महिला ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। महिला के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
पुलिस के मुताबिक सुंदर नगर निवासी जूली कुशवाह (28) पत्नी सुनील कुशवाह ने बुधवार रात करीब 9:30 बजे घर में फांसी लगा ली। जूली के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक 6 महीने का और दूसरा 2 साल का है।
पति सब्जी लेने गया था, लौटकर देखा पत्नी फंदे पर थी
घटना के समय जूली का पति सुनील सब्जी लेने बाहर गया हुआ था। करीब 20 मिनट बाद जब वह वापस लौटा तो उसने पत्नी को फंदे पर लटका देखा। वहीं दोनों मासूम बच्चे पास में रो रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
पड़ोसियों से लंबे समय से चल रहा था विवाद
पति सुनील कुशवाह ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार राजू कुशवाह और उनके परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि वे शराब पार्टी करने के बाद खाली बोतलें और मांस की हड्डियां उनके घर के पास फेंक देते थे।
इस वजह से जूली मानसिक रूप से परेशान रहती थी। परिवार का कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद पड़ोसियों की हरकतें बंद नहीं हुईं।
आत्महत्या से पहले भी हुआ था विवाद
परिजनों के मुताबिक घटना से पहले भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद जूली ने यह कदम उठा लिया।
पुलिस जांच में जुटी
अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों परिवार एक ही परिसर में रहते थे और साझा जगह को लेकर विवाद था।
पुलिस का कहना है कि मामला नवविवाहिता से जुड़ा होने के कारण हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
मध्यप्रदेश और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए विजिट करें www.deshharpal.com

