खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने दूर के रिश्ते में लगने वाले देवर पर ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने नहाते समय उसका वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करता रहा।
पीड़िता ने गुरुवार को खालवा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नहाने का वीडियो बनाकर दी धमकी
30 वर्षीय विवाहिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी इंदौर में काम करता है और करीब एक साल पहले उनके घर आया था। वह एक-दो दिन घर पर रुका रहा। इसी दौरान उसने महिला का नहाते समय वीडियो बना लिया।
इसके बाद आरोपी ने महिला को वीडियो दिखाकर धमकाना शुरू कर दिया। उसने कहा कि यदि वह उसके साथ संबंध नहीं बनाएगी तो वीडियो पति को दिखा देगा और सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
एक साल तक करता रहा शोषण
महिला के मुताबिक आरोपी ने धमकी देकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। बदनामी और परिवार टूटने के डर से वह अब तक चुप रही, लेकिन लगातार मानसिक प्रताड़ना के बाद उसने पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
खालवा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
एएसआई चंद्रकांत सोणवने ने बताया कि महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार अभी तक महिला के पास वीडियो से जुड़ा कोई तकनीकी साक्ष्य उपलब्ध नहीं है।
मध्यप्रदेश और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए विजिट करें www.deshharpal.com

