मध्य प्रदेश के सागर में गुरुवार देर रात सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे के एक सेक्शन इंजीनियर को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी की पहचान नारायण सिंह बुंदेला के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद सीबीआई टीम आरोपी को अपने साथ जबलपुर ले गई।
जानकारी के मुताबिक, सागर रेलखंड में गिट्टी सप्लाई करने वाले एक ठेकेदार ने काम पूरा होने के बाद विभाग में जमा अपनी सिक्योरिटी राशि वापस मांगी थी। आरोप है कि सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला ने राशि लौटाने के बदले ठेकेदार से 1 लाख रुपए रिश्वत की मांग की।
ठेकेदार ने रिश्वत देने से मना किया तो अधिकारी ने सिक्योरिटी राशि वापस करने से इनकार कर दिया। इसके बाद ठेकेदार ने मामले की शिकायत जबलपुर स्थित सीबीआई कार्यालय में की।
पैराडाइज होटल में बिछाया गया जाल
शिकायत की शुरुआती जांच के बाद सीबीआई ने आरोपी अधिकारी पर नजर रखनी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि रिश्वत की रकम लेने के लिए सेक्शन इंजीनियर ने ठेकेदार को सागर के पैराडाइज होटल बुलाया था।
सीबीआई की टीम पहले से ही सादी वर्दी में होटल के आसपास तैनात थी। देर रात जैसे ही ठेकेदार ने आरोपी को 1 लाख रुपए दिए, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी को जबलपुर ले गई CBI
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम आरोपी अधिकारी को जबलपुर लेकर पहुंची। वहां उसे सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया, जहां टीम ने आरोपी की 5 दिन की रिमांड मांगी है।
सीबीआई अब मामले में रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

अधिक अपडेट्स और प्रदेश की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहें www.deshharpal.com

