Noida में एयर टिकट बुकिंग के नाम पर विदेशी नागरिकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में करीब 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी के सबूत मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी नोएडा के सेक्टर-63 इलाके में फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे। यहां से अमेरिका और यूरोप के नागरिकों को निशाना बनाया जाता था। आरोपी खुद को एयरलाइन कंपनी या ट्रैवल एजेंसी का कर्मचारी बताकर लोगों को सस्ती एयर टिकट देने का झांसा देते थे।
Google-Facebook Ads के जरिए फंसाते थे लोग
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह गूगल और फेसबुक जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सस्ती फ्लाइट टिकट के आकर्षक विज्ञापन चलाता था। जब कोई विदेशी नागरिक टिकट बुकिंग या ट्रैवल सहायता के लिए संपर्क करता था, तब आरोपी उनसे बातचीत कर भरोसा जीत लेते थे।
इसके बाद अलग-अलग चार्ज और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर लोगों से बड़ी रकम वसूली जाती थी। कई मामलों में टिकट जारी ही नहीं किए जाते थे, जबकि कुछ पीड़ितों को फर्जी बुकिंग डिटेल भेज दी जाती थी।
फर्जी कॉल सेंटर से चलता था पूरा नेटवर्क
पुलिस को छापेमारी के दौरान कॉल सेंटर से कई लैपटॉप, मोबाइल फोन, इंटरनेट डिवाइस और संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं। आरोपियों के पास विदेशी नागरिकों का डेटा भी बरामद हुआ है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं।
10 करोड़ से ज्यादा की ठगी का खुलासा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में 10 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी के सबूत मिले हैं। आशंका है कि गिरोह लंबे समय से इस तरह की वारदात को अंजाम दे रहा था और कई विदेशी नागरिक इसके शिकार हुए हैं।
