छत्तीसगढ़ में मानसून ने अब पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में ले लिया है। मौसम विभाग के अनुसार 22 जून को राज्य में प्रवेश करने वाला मानसून अब सभी जिलों तक पहुंच चुका है। हालांकि, बारिश के साथ आकाशीय बिजली भी कहर बरपा रही है। सरगुजा जिले में सोमवार शाम बिजली गिरने से दो बच्चों और एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई।
पेड़ के नीचे खड़े थे बच्चे, अचानक गिरी बिजली
यह दर्दनाक घटना सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी गांव की है। सोमवार शाम कुछ बच्चे आम बीनने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान बैल चरा रहे राम साय (36) भी वहां पहुंच गए। तभी अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई और चारों उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में 5 वर्षीय सागर, 9 वर्षीय रानी और 36 वर्षीय राम साय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सागर की 12 वर्षीय बड़ी बहन श्रद्धा गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका इलाज जारी है।

बिलासपुर में तेज बारिश और आंधी से जनजीवन प्रभावित
सोमवार शाम बिलासपुर में तेज आंधी और बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया। कलेक्टर बंगले के पास एक बड़ा पेड़ कार पर गिर गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार में सवार लोग सुरक्षित बच गए।
पेड़ गिरने से बिजली के तार भी टूट गए, जिसके चलते आसपास के इलाके में कुछ समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

22 जून को दंतेवाड़ा से हुई थी मानसून की एंट्री
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 22 जून को दंतेवाड़ा जिले से छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया था। इसके बाद धीरे-धीरे यह पूरे प्रदेश में फैलता गया। 30 जून को उत्तर और उत्तर-पूर्व छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में भी मानसून पहुंच गया।
हालांकि इन इलाकों में पहले से ही प्री-मानसून बारिश हो रही थी।
अगले चार दिन भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की गई है।
इन जिलों में पहुंच चुका है मानसून
मानसून रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर सहित कई जिलों में पहले ही सक्रिय हो चुका था।
30 जून को सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ में भी मानसून ने दस्तक दे दी।
धिक जानकारी और लेटेस्ट अपडेट्स के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
