खंडवा। खंडवा जिले के मोरटक्का स्थित खेड़ीघाट पर शुक्रवार शाम नर्मदा नदी में स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अंकित पिता कमल पटेल (24) निवासी महू के रूप में हुई है। वह अपने उत्तर प्रदेश निवासी दोस्त के साथ ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए जा रहा था।
स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे की है। ओंकारेश्वर जाते समय दोनों दोस्त मोरटक्का के खेड़ीघाट पर रुके और नर्मदा नदी में स्नान करने उतर गए। इसी दौरान अंकित अनजाने में गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
गोताखोरों ने बाहर निकाला, अस्पताल में मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोर और मोरटक्का चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक को नदी से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
निजी स्कूल में शिक्षक था युवक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंकित को तैरना नहीं आता था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया, जिससे यह हादसा हो गया।
पुलिस के मुताबिक, अंकित महू के एक निजी स्कूल में शिक्षक था। वह अपने उत्तर प्रदेश निवासी मित्र को ओंकारेश्वर दर्शन कराने ले जा रहा था। रास्ते में नर्मदा स्नान के दौरान यह दुखद हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधिक जानकारी
मध्य प्रदेश की ताजा खबरों के लिए विजिट करें: deshharpal.com


