कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के अमतला में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के पार्टी कार्यालय को शनिवार को जिला प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। प्रशासन का दावा है कि भवन बिना स्वीकृत निर्माण योजना के बनाया गया था, जबकि टीएमसी ने कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है।
प्रशासन का दावा- अवैध निर्माण पर हुई कार्रवाई
जिला प्रशासन के अनुसार, पार्टी कार्यालय के खिलाफ अवैध निर्माण की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद 15 जुलाई को संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर दस्तावेज और स्पष्टीकरण मांगा गया था। अधिकारियों का कहना है कि दो नोटिसों के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने यह भी बताया कि जिस जमीन पर कार्यालय बनाया गया है, वह कथित तौर पर ‘लीप्स एंड बाउंड्स’ नामक कंपनी के नाम पर खरीदी गई थी और उसी से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

अभिषेक बनर्जी बोले- सभी दस्तावेज मौजूद, हाईकोर्ट जाएंगे
कार्रवाई के बाद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि अमतला का पार्टी कार्यालय उनके लिए मंदिर के समान है। उन्होंने दावा किया कि जमीन विधिवत खरीदी गई थी और भवन स्वीकृत नक्शे के अनुसार बनाया गया था।
उन्होंने कहा कि टीएमसी इस कार्रवाई को कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनौती देगी और आवश्यकता पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट का भी रुख करेगी। बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की और इस संबंध में वीडियो देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) के कार्यालय को भी भेजे गए हैं।
भाजपा ने कार्रवाई का किया स्वागत
कार्यालय गिराए जाने के दौरान मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और नारेबाजी की। स्थानीय भाजपा विधायक अग्निश्वर नस्कर ने कहा कि अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने उचित कार्रवाई की है।
राजनीतिक टकराव तेज
अमतला स्थित यह कार्यालय डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र में टीएमसी की संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र माना जाता रहा है। ऐसे में इस कार्रवाई के बाद पश्चिम बंगाल में भाजपा और टीएमसी के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। फिलहाल मामला कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ेगा।
अधिक खबरों के लिए विजिट करें:deshharpal.com

