New Delhi News: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट मंगलवार को उड़ान के दौरान तेज एयर टर्बुलेंस का सामना करने के बाद सुरक्षित दिल्ली पहुंच गई। यात्रियों के अनुसार, फ्लाइट संख्या IX1058 ने दोपहर करीब 3:30 बजे भुवनेश्वर से उड़ान भरी थी, लेकिन लगभग 30 मिनट बाद विमान अचानक तेज़ी से हिलने लगा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
फ्लाइट में सवार 150 से अधिक यात्रियों ने बताया कि विमान के लगातार डगमगाने से कई लोग घबरा गए। कुछ यात्रियों का दावा है कि पायलट ने स्थिति को संभालने के लिए विमान की गति बढ़ाई। इस दौरान विमान कुछ समय के लिए हरियाणा के चरखी दादरी क्षेत्र की ओर चला गया, जिसके बाद उसे वापस मोड़कर दिल्ली लाया गया।

यात्रियों के मुताबिक, उड़ान के दौरान एक महिला यात्री की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। हालांकि विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया। यात्रियों का यह भी कहना है कि फ्लाइट निर्धारित समय से करीब आधा घंटा पहले दिल्ली पहुंच गई।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी स्पर्श सिंगल, जो इस फ्लाइट में सफर कर रहे थे, ने बताया कि वे पुरी में भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि उड़ान के शुरुआती 30 मिनट तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन इसके बाद विमान में अचानक तेज झटके लगने लगे और कई यात्रियों में डर का माहौल बन गया।
यात्रियों ने दावा किया कि दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने एयरलाइन अधिकारियों से घटना की जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
फिलहाल एयर इंडिया की ओर से इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

अधिक जानकारी के लिए विजिट करें:deshharpal.com


