रायपुर: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को राजधानी रायपुर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में भाजयुमो और भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर बाइक रैली में शामिल हुए। इस दौरान पूरे रास्ते भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंजता रहा।
बाइक रैली से हुई तिरंगा यात्रा की शुरुआत
तिरंगा यात्रा की शुरुआत पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम के सामने से हुई। रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बाइक लेकर रैली में शामिल हुए।
बाइक रैली राजधानी के प्रमुख मार्गों से होते हुए भारत माता चौक, गुढ़ियारी पहुंची। रास्तेभर कार्यकर्ता तिरंगा लहराते हुए भारत माता के जयकारे लगाते रहे।

बच्चों ने निकाली 1 किलोमीटर लंबी तिरंगा पदयात्रा
तिरंगा यात्रा में बाइक रैली के साथ रामनगर क्षेत्र के स्कूली बच्चों और शिक्षकों की पदयात्रा भी आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने करीब एक किलोमीटर लंबा तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ मार्च किया।
बाइक रैली के बाद राजेश मूणत भी बच्चों के साथ पदयात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ी लोक संगीत और पारंपरिक लोकनृत्य भी देखने को मिले। इससे आयोजन में देशभक्ति के साथ स्थानीय संस्कृति की झलक भी नजर आई।

भारत माता चौक पर हुई आरती
शाम करीब 6 बजे भारत माता चौक पर तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। यहां पंडितों की मौजूदगी में विधि-विधान से मां भारती की आरती की गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग आरती में शामिल हुए।
‘तिरंगे के सम्मान में निकाली यात्रा’
कार्यक्रम के दौरान राजेश मूणत ने कहा कि यह यात्रा तिरंगे के सम्मान, मां भारती के प्रति समर्पण और अखंड स्वतंत्रता की कामना के लिए निकाली गई है।
उन्होंने कहा कि देश और तिरंगे के सम्मान से जुड़ा आयोजन किसी एक व्यक्ति का निजी कार्यक्रम नहीं हो सकता। इसमें हर व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने इसे रामायण की गिलहरी के योगदान जैसा पवित्र बताया।
