ग्वालियर के पॉश सिटी सेंटर इलाके में रविवार दोपहर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। माधवनगर गेट के सामने ट्रैफिक पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक कार को रोका। कार में अवैध रूप से पुलिस का हूटर लगा हुआ था और उसे एक युवक चला रहा था।
पुलिस के मुताबिक, कार संदिग्ध लगने पर जवानों ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन आगे ले जाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बैरिकेड लगाकर कार को रोक लिया।
मां-बेटे के पास नहीं था ड्राइविंग लाइसेंस
जांच के दौरान सामने आया कि कार चला रहे युवक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। उसकी मां के पास भी DL नहीं मिला। कार पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी और उसमें पुलिस का हूटर लगाया गया था।
कार रुकने के बाद महिला सड़क पर उतर आई और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से बहस करने लगी। महिला ने कथित तौर पर एक टीआई का नाम लेते हुए पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाने की कोशिश की।
चालान काटने पर बोली- कोर्ट में भुगतूंगी
महिला ने पुलिसकर्मियों से कहा कि चालान काटना है तो काट दो, वह कोर्ट में इसका सामना करेगी। इस दौरान पुलिस जवानों से गाली-गलौज और बहस का भी आरोप है।
हंगामा बढ़ने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कार में पुलिस का हूटर किस अनुमति के तहत लगाया गया था और वाहन का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है।


