सागर। सोशल मीडिया पर बंदूक के साथ फोटो डालना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस फोटो की जांच करते हुए युवक के घर पहुंची। तलाशी के दौरान बंदूक तो बरामद नहीं हुई, लेकिन घर से भारी मात्रा में नकदी मिलने पर पुलिस के होश उड़ गए। रकम इतनी ज्यादा थी कि नोट गिनने के लिए मशीन मंगानी पड़ी। मामले की जांच के लिए राजस्व और आयकर विभाग की टीमों को भी बुलाया गया है।
मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र के तिली तिगड्डा इलाके का है। युवक की पहचान सौरभ अहिरवार के रूप में हुई है। वह अपने भाई अंकित और मां के साथ रहता है। दोनों भाई किराए की टैक्सी चलाने का काम करते हैं। उनके पिता जगदीश अहिरवार का निधन हो चुका है।
बंदूक की फोटो के बाद घर पहुंची पुलिस
पुलिस को सोशल मीडिया पर सौरभ की बंदूक के साथ फोटो मिली थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी जानकारी जुटाई और रविवार को उसके घर पहुंचकर तलाशी ली। हालांकि तलाशी के दौरान बंदूक नहीं मिली, लेकिन घर में बड़ी मात्रा में नकदी देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
नोटों की संख्या ज्यादा होने के कारण पुलिस ने मशीन मंगाकर रकम की गिनती शुरू की। एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी के मुताबिक, अब तक करीब 1 करोड़ रुपए की गिनती हो चुकी है।

रिश्तेदार के पैसे होने का दावा
परिजनों ने पुलिस को बताया कि बरामद रकम उनकी नहीं है, बल्कि भोपाल के चूना भट्टी निवासी एक रिश्तेदार की है। बताया गया है कि वह रिश्तेदार PWD में इंजीनियर है। पुलिस अब इस दावे की भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम घर में क्यों रखी गई थी और इसका स्रोत क्या है।
एसपी भी मौके पर पहुंचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनुराग सुजानिया भी मौके पर पहुंचे। परिवार के सदस्यों को घर के अंदर ही रखा गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने फिलहाल मीडिया को परिवार से बातचीत की अनुमति नहीं दी है।
पुलिस अब बरामद नकदी के स्रोत, सोशल मीडिया पर वायरल बंदूक की फोटो और युवक के संबंध में मिली अन्य जानकारियों की जांच कर रही है। आयकर और राजस्व विभाग की जांच के बाद ही नकदी को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।



