रायपुर: छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में होने वाले रेलवे निर्माण कार्य के चलते 25 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 तक 18 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसके अलावा उत्कल एक्सप्रेस अलग-अलग तारीखों में बदले हुए रूट से चलेगी।
वहीं, 13 अक्टूबर को गीतांजलि एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 2 घंटे की देरी से रवाना होगी। ट्रेनों के प्रभावित होने से झारखंड, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और बिहार की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
पांचवीं रेल लाइन के काम से ट्रेनों पर असर
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में बंडामुंडा केबिन-ए से राउरकेला सेक्शन के बीच पांचवीं रेल लाइन की कमीशनिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग चरणों में नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य और ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा।
इसी वजह से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
रद्द की गई ट्रेनों में प्रमुख रूप से:
- इतवारी-टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस
- टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस
- नांदेड़-सांतरागाछी एक्सप्रेस
- हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस
- हावड़ा-CSMT दुरंतो एक्सप्रेस
समेत कुल 18 एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं।
गीतांजलि एक्सप्रेस भी होगी प्रभावित
12860 हावड़ा-CSMT गीतांजलि एक्सप्रेस 13 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय से 2 घंटे की देरी से हावड़ा से रवाना होगी।
इसके अलावा उत्कल एक्सप्रेस का संचालन भी कुछ तारीखों में बदले हुए मार्ग से किया जाएगा।
यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर जांचें
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का रनिंग स्टेटस और शेड्यूल जरूर जांच लें। ट्रेन रद्द होने, रूट बदलने या समय में बदलाव की जानकारी पहले से मिलने पर यात्री अपनी यात्रा की योजना बदल सकते हैं।


