भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित सीएसडी कैंप डिपो में ड्यूटी के दौरान SSB के 35 वर्षीय जवान संदीप खरमटे की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुबह 4 बजे पत्नी को मिली सूचना
मृतक की पत्नी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 4 बजे विभाग की ओर से उन्हें संदीप की मौत की जानकारी दी गई। पत्नी ने बताया कि संदीप से उनकी आखिरी बातचीत मंगलवार रात करीब 10 बजे हुई थी। उस समय उन्होंने बताया था कि वे ड्यूटी पर हैं। इसके बाद दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई।
मराठी में मिला सुसाइड नोट
पुलिस को घटनास्थल से संदीप के पास मराठी भाषा में लिखा एक सुसाइड नोट मिला है। इसे अनुवाद के लिए भेजा गया है।
कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे के मुताबिक, नोट में अभी तक जो बातें सामने आई हैं, उनमें संदीप ने पत्नी से माफी मांगी है और निजी कारणों का जिक्र किया है। हालांकि, आत्महत्या की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
साथियों और अधिकारियों से पूछताछ
पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट का पूरा अनुवाद सामने आने के बाद मामले से जुड़ी अहम जानकारी मिल सकती है। परिजनों के विस्तृत बयान भी लिए जा रहे हैं।
इसके अलावा पुलिस जवान के साथियों और विभागीय अधिकारियों से भी पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। शव को हमीदिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
