इंग्लैंड ने तीसरे और निर्णायक वनडे में श्रीलंका को 223 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। यह श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड की लगातार पांचवीं वनडे सीरीज जीत है। मुकाबला लंदन के द ओवल में खेला गया, जहां इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 355 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 29.1 ओवर में 132 रन पर ऑलआउट हो गई।
बैंटन ने जड़ा पहला वनडे शतक
इंग्लैंड की पारी की शुरुआत खराब रही। बेन डकेट दूसरे ओवर में ही बिना खाता खोले दिलशान मदुशंका की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद टॉम बैंटन और जो रूट ने पारी को संभाला। रूट 37 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद बैंटन और कप्तान हैरी ब्रूक ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी हुई। बैंटन ने 95 गेंदों में अपना पहला वनडे शतक पूरा किया और 105 गेंदों पर 126 रन बनाए। उनकी पारी में 16 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
ब्रूक और कॉक्स ने भी बरसाए रन
हैरी ब्रूक ने 66 गेंदों पर 77 रन की पारी खेली। वहीं जोस बटलर की जगह टीम में शामिल किए गए जॉर्डन कॉक्स ने 52 गेंदों पर 76 रन बनाए। कॉक्स ने 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
इंग्लैंड ने आखिरी 10 ओवर में 104 रन जोड़े और 50 ओवर में 355/7 का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
श्रीलंका की शुरुआत ही खराब रही
356 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को पहले ही ओवर में झटका लगा। पथुम निसांका सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कुसल मेंडिस ने 26 गेंदों पर 35 रन बनाकर कुछ तेजी दिखाई, लेकिन गस एटकिंसन ने उन्हें पवेलियन भेज दिया।
श्रीलंका के विकेट लगातार गिरते रहे। पवन रत्नायके 18 और चरिथ असलंका 7 रन बनाकर आउट हुए। टीम 17वें ओवर तक 82/6 के स्कोर पर पहुंच गई थी।
डॉसन और एटकिंसन ने बरपाया कहर
इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन ने 3 विकेट लिए, जबकि गस एटकिंसन ने 2 विकेट हासिल किए। इंग्लैंड के छह गेंदबाजों को कम से कम एक विकेट मिला।
श्रीलंका की पूरी टीम 29.1 ओवर में 132 रन पर सिमट गई। कुसल मेंडिस 35 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर रहे। इंग्लैंड ने 223 रन से मुकाबला जीतकर सीरीज पर कब्जा कर लिया।
इंग्लैंड की श्रीलंका पर लगातार पांचवीं सीरीज जीत
तीसरे वनडे में मिली बड़ी जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली। यह श्रीलंका के खिलाफ उसकी लगातार पांचवीं वनडे सीरीज जीत है। 223 रन की जीत इंग्लैंड की श्रीलंका के खिलाफ वनडे में सबसे बड़ी जीत भी रही।


