बिलासपुर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकाली जा रही मां महामाया ध्वजा यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा के दूसरे दिन गांव-गांव में श्रद्धालुओं ने इसका स्वागत किया। पूरे मार्ग पर माता के जयकारे और जसगीत गूंजते रहे। भक्त भक्ति में झूमते और नाचते नजर आए।
इन गांवों से होकर गुजरी ध्वजा यात्रा
मां महामाया ध्वजा यात्रा टेकर से शुरू होकर गिधौरी, नेवसा, जाली, बेलतरा, सलखा, धौरामुड़ा, बिटकुली, करमा, बसहा, नगपुरा, गोपालपुर, पाण्डेयपुर और भिल्मी होते हुए भाड़ी पहुंची।
यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में ग्रामीणों ने जगह-जगह स्वागत किया और उत्साह के साथ इसमें हिस्सा लिया। माता के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
बेलतरा में कुर्मी समाज ने किया स्वागत
यात्रा का बेलतरा में कुर्मी समाज ने आत्मीय स्वागत किया। वहीं, सलखा, धौरामुड़ा, बिटकुली, करमा और बसहा जैसे आदिवासी गांवों में भी ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
श्रद्धालुओं की मौजूदगी और माता के जयकारों के बीच यात्रा आगे बढ़ती रही। नवरात्रि के इस आयोजन में गांवों के लोगों की भागीदारी से धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।

