बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे-130 पर बुधवार शाम भरारी के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक टकराने पर बाइक चला रहे आकाश साहू (सिरगिट्टी निवासी) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा विकास साहू (ग्राम ढोटमा, जिला मुंगेली निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शाम करीब 7 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि अंधेरे में सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं देने के कारण बाइक उससे जा टकराई।
अंधेरे में नहीं दिखा ट्रक, पीछे से भिड़ी बाइक
दोनों युवक बाइक नंबर CG 10 CB 8460 से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। भरारी के पास सड़क किनारे खड़ा ट्रक अंधेरे के कारण चालक को दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और आकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल युवक को सिम्स किया गया रेफर
टीआई नीलेश पांडेय के मुताबिक, घायल विकास बैसाखू साहू का बेटा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे सिम्स रेफर कर दिया। पुलिस ने आकाश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है।
329 दिनों में हाईवे पर 29 लोगों की गई जान
बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे-130 पर सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। पिछले 329 दिनों में यहां 29 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें पेंडरवा-रानीगांव क्रॉसिंग मोड़ पर ही 11 लोगों ने जान गंवाई है। इस स्थान पर पर्याप्त रोशनी नहीं है। पेंडरवा की सरपंच अंजनी बैगा सुशासन तिहार के दौरान कलेक्टर से दो बार यहां लाइट लगवाने की मांग कर चुकी हैं।
4 साल में 88 हादसे, 79 लोगों की मौत
जिले में वर्ष 2022 से 2025 के बीच 88 सड़क हादसे दर्ज किए गए। इन दुर्घटनाओं में 79 लोगों की मौत हुई, जबकि 129 लोग घायल हुए। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, हादसों में सबसे ज्यादा जान बाइक सवारों ने गंवाई।
बिना इंडिकेटर खड़े वाहन बन रहे हादसों की वजह
फोरलेन पर बिना इंडिकेटर और पार्किंग लाइट के खड़े बस, ट्रक और हाइवा दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रहे हैं। अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ये वाहन दूर से दिखाई नहीं देते, जिससे पीछे से आने वाले वाहन उनसे टकरा जाते हैं। भरारी के पास हुआ ताजा हादसा भी इसी लापरवाही का नतीजा माना जा रहा है।


