संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को मध्यप्रदेश विधानसभा में संविधान उत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर इसकी अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान विधानसभा परिसर में तैयार की गई संविधान गैलरी का उद्घाटन किया जाएगा। गैलरी में संविधान निर्माण की प्रक्रिया, संविधान सभा के समूह चित्र और संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश के योगदान से जुड़ी तस्वीरें प्रदर्शित की जाएंगी।
अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत विधानसभा के गेट नंबर-5 के पास स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी। इसके बाद विधानसभा परिसर में संविधान गैलरी का उद्घाटन किया जाएगा। वहीं, सेंट्रल हॉल में भारतीय संविधान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। कार्यक्रम में शामिल अतिथि प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।
अशोक स्तंभ बनाने वाले चित्रकार के बेटे का होगा सम्मान
समारोह के दौरान भारतीय संविधान के प्रथम पृष्ठ पर अशोक स्तंभ का चित्र बनाने वाले प्रसिद्ध चित्रकार स्वर्गीय दीनानाथ भार्गव के बेटे का अभिनंदन किया जाएगा। मुख्य समारोह समिति कक्ष क्रमांक-1 में आयोजित होगा। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करेंगे।
इस अवसर पर विधानसभा की पत्रिका ‘विधायिनी’ के संविधान विशेषांक का विमोचन भी किया जाएगा।
आयोगों के अध्यक्ष और सदस्य भी होंगे शामिल
संविधान उत्सव में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, लोकायुक्त न्यायमूर्ति सत्येंद्र कुमार सिंह समेत विभिन्न आयोगों के अध्यक्ष और सदस्य शामिल होंगे। इसके अलावा विश्वविद्यालयों के कुलगुरु भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
2015 से मनाया जा रहा संविधान दिवस
केंद्र सरकार ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर वर्ष 2015 में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य नागरिकों को संविधान के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक व संवैधानिक मूल्यों को मजबूत बनाना है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश विधानसभा में संविधान गैलरी और विशेष प्रदर्शनी के जरिए संविधान निर्माण के इतिहास और प्रदेश के योगदान को सामने लाने की पहल की जा रही है।


