बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की जान चली गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 2:30 बजे गुना जिले के भदौरा के पास हुआ, जब एक कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। सभी युवक शादी समारोह से लौट रहे थे।
कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर, पीछे से टक्कर की आशंका
जानकारी के अनुसार, कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिला है, जिससे अंदेशा है कि उसे किसी भारी वाहन ने पीछे से टक्कर मारी होगी। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी के कांच और युवकों के जूते सड़क पर बिखरे पाए गए।
शादी से लौट रहे थे युवक, एक की हालत नाजुक
शिवपुरी जिले के कोलारस तहसील स्थित रिजौदा गांव से बारात गुना के मावन गांव आई थी। शादी में शामिल होने के बाद कुछ युवक कार से वापस लौट रहे थे। हादसे में गोविंद रघुवंशी (28), सोनू रघुवंशी (35), वीरू कुशवाह (24) और हितेश बैरागी (24) की मौके पर ही मौत हो गई।

घायलों में सुदीप रघुवंशी (24), सुमित रघुवंशी (24) और रवि रघुवंशी (22) शामिल हैं। सुदीप की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। बाकी दो घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
म्याना थाना प्रभारी एसआई गोपाल चौबे ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में कार के पीछे से टक्कर की संभावना जताई जा रही है। शवों का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।



