भोपाल में देर रात आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई बार-होटल्स पर छापे
शहर के बार, होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर बुधवार की देर रात आबकारी विभाग की टीमों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। अवैध शराब पर शिकंजा कसते हुए चार टीमों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में एक दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर दबिश दी।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में केरवा डेम रोड, रातीबड़, 10 नंबर, अरेरा कॉलोनी और बैरागढ़ जैसे इलाकों में स्थित रेस्टोरेंट और बार को निशाना बनाया गया।
आबकारी कंट्रोलर आरजी भदौरिया के मुताबिक ब्लू लगून, हाइड आउट, ट्री चैप्टर, बेसिल, कंट्री साइड मिडोज, वन माल्ट, खासियत, आर-एम बायंस, मोक्ष क्लब, रजवाड़ा ढाबा, पेज-3 और कुसीन कल्चर जैसे प्रतिष्ठानों में अवैध शराब स्टॉक और परोसने के मामले सामने आए।

इन संस्थानों के संचालकों/मालिकों पर आबकारी एक्ट की विभिन्न धाराओं में कुल 48 केस दर्ज किए गए हैं।
बैरसिया रोड पर भी कार्रवाई
वहीं, बैरसिया रोड पर अवैध हाथ भट्टी से बनी देसी शराब बेचने वालों के खिलाफ भी टीमों ने छापेमारी की। सहायक आयुक्त धाकड़ ने जानकारी दी कि यह अभियान गुरुवार को भी जारी रहेगा।

