छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रेलवे स्टेशन की मेडिकल यूनिट में तैनात एक नर्स ने डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।
पार्टी के बहाने घर बुलाया, फिर किया घिनौना कृत्य
26 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह एक निजी अस्पताल में नर्स है और रेलवे स्टेशन पर स्थित मेडिकल यूनिट में ड्यूटी करती थी। इस यूनिट की निगरानी डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट फिरतू राम पटेल (50) करते थे। काम के सिलसिले में दोनों की बातचीत होती रहती थी।
नर्स ने बताया कि फिरतू राम कुछ दिनों से पार्टी देने की बात कर रहा था। 17 मई को उसने अपने सरकंडा स्थित गणेश वैली के घर बुलाया। वहां उसे अकेला पाकर उसने नर्स के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता डरी-सहमी 10 दिन तक चुप रही, लेकिन आखिरकार उसने अपने परिजनों को सारी बात बताई और थाने में शिकायत दर्ज कराई।
लंबे समय से अकेले रहता है आरोपी
जांच में सामने आया है कि आरोपी फिरतू राम पटेल अपनी पत्नी से अलग रह रहा है और घर में अकेला ही रहता है। पत्नी ने विवाद के चलते तलाक की अर्जी भी दी हुई है।
ऑफिस से पकड़ा गया आरोपी, कुबूला जुर्म
सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की गई। जब आरोपी अपने घर पर नहीं मिला तो पुलिस टीम रेलवे स्टेशन पहुंची। उसे वहीं ऑफिस से गिरफ्तार कर थाने लाया गया, जहां पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
फिलहाल आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।
deshharpal.com इस केस की हर अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा।
