भोपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। भोपाल विकास प्राधिकरण (BDA) के एक बाबू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
बैरसिया रोड निवासी घनश्याम राठौर ने करीब 4 महीने पहले अपने मकान के नामांतरण (mutation) के लिए BDA में आवेदन दिया था। लेकिन जिम्मेदार बाबू शहाब उद्दीन सिद्दीकी ने काम करने के लिए घनश्याम से रिश्वत की मांग की। वह नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए तय फीस के अलावा 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
चार महीने से लगातार दौड़ लगाने के बाद जब बाबू ने बिना पैसे दिए काम नहीं किया, तो थक-हारकर युवक ने लोकायुक्त कार्यालय में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की जांच के बाद शुक्रवार दोपहर लोकायुक्त पुलिस ने उप पुलिस अधीक्षक आरके सिंह के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी बाबू को जैसे ही फरियादी से 10 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया, टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अब शहाब उद्दीन सिद्दीकी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इंसाफ की उम्मीद:(deshharpal.com)
इस कार्रवाई से आम जनता में यह भरोसा जगा है कि अगर सही समय पर आवाज उठाई जाए तो भ्रष्ट तंत्र के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई संभव है।
